#सीतापुर में आईजी रेंज ने किया पहले डिजिटल मालखाने का शुभारंभ, अपराध व कानून-व्यवस्था की समीक्षा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने रविवार को जनपद का वार्षिक व समीक्षा भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्थित महर्षि दधीचि सभागार में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की और कोतवाली देहात में लखनऊ रेंज के पहले क्यूआर कोड आधारित 'डिजिटल मालखाना' का विधिवत उद्घाटन किया। आईजी ने लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, गुमशुदा महिलाओं की बरामदगी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

रेंज के पहले क्यूआर कोड आधारित ई-मालखाना की शुरुआत :आईजी ने कोतवाली देहात में रेंज के पहले आधुनिक डिजिटल मालखाने का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस नई प्रणाली के तहत मुकदमों से जुड़े माल-मुकदमाती पर क्यूआर कोड दर्ज रहेगा। पुलिस या न्यायालय स्तर पर केवल क्यूआर कोड स्कैन करते ही संबंधित केस और संपत्ति का संपूर्ण विवरण तत्काल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा, जिससे साक्ष्य प्रस्तुतीकरण और रखरखाव में पूर्ण पारदर्शिता आएगी।

लंबित विवेचनाओं का निस्तारण और एक सप्ताह का विशेष अभियान:समीक्षा बैठक में आईजी ने अपराध शाखा और थानों में लंबित मामलों की जांच गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने गुमशुदा बालिकाओं और महिलाओं की बरामदगी के लिए जिलेभर में एक सप्ताह का सघन अभियान चलाने का आदेश दिया। साथ ही गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त करने और फर्जी सिम नेटवर्क पर नकेल कसने के निर्देश दिए।

बीट पुलिसिंग में यक्ष ऐप अनिवार्य, थानों का किया गहन निरीक्षण: आईजी ने सभी बीट आरक्षियों को दैनिक सूचनाएं अनिवार्य रूप से 'यक्ष ऐप' पर दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने साइबर थाना, मिशन शक्ति केंद्र और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट  का स्थलीय निरीक्षण किया। साइबर हेल्प लाइन 1930 की कार्यप्रणाली परखते हुए उन्होंने आगामी गणेश चतुर्थी व विश्वकर्मा पूजा के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ